मोबाइल खराब करने और धमकी देने का आरोप, सर्विस सेंटर संचालक के खिलाफ एसपी ऑफिस में शिकायत
07 Apr 2026
Local News
नीमच। शहर के टैगोर मार्ग स्थित मोबाइल कारोबारी ने मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक सर्विस सेंटर संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में मोबाइल सुधारने के नाम पर उसे और खराब करने तथा विरोध करने पर धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
महावीर नगर निवासी वसीम खान पिता मोहम्मद इकबाल ने बताया कि वे टैगोर मार्ग पर “आई सोल्यूशन” नाम से मोबाइल की दुकान संचालित करते हैं। उनके पास सैमसंग कंपनी का एस-22 मॉडल मोबाइल है, जिसकी बैटरी खराब होने पर उन्होंने 2 अप्रैल को उसे बदलवाने के लिए पाटनी मोबाइल (सैमसंग सर्विस सेंटर) पर दिया था।
वसीम के अनुसार, नियम के तहत मोबाइल उसी दिन मिल जाना चाहिए था, लेकिन सर्विस सेंटर संचालक आशीष पाटनी ने उसे अगले दिन 3 अप्रैल को लौटाया। जब उन्होंने मोबाइल चेक किया तो वह खुला हुआ था और उसका कैमरा भी खराब हो चुका था।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह दोबारा सर्विस सेंटर पहुंचा और शिकायत की, तो संचालक ने मोबाइल ठीक करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, कंपनी में शिकायत करने की बात कहने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
मंगलवार को एसपी कार्यालय में दिए आवेदन में वसीम खान ने यह भी आरोप लगाया कि सर्विस सेंटर संचालक उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहा है। साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि सामने वाले पक्ष ने भी उसके खिलाफ पुलिस में एक कथित झूठा आवेदन दिया है।
वसीम खान ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसका मोबाइल सही करवाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।