यात्री बस से 105 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, बीआर ट्रेवल्स की बस में छिपाकर ले जाया जा रहा था अवैध मादक पदार्थ, नीमच सिटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
12 Jul 2026
Local News
नीमच। प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नीमच सिटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक यात्री बस से 105 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडाचूरा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा बस को भी जब्त कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक बस में अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना नीमच सिटी पुलिस ने फोरलेन स्थित जेतपुरा फंटे से चौथखेड़ा फंटे के बीच फार्म फील्स ढाबे के पास पुलिया क्षेत्र में नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान बी.आर. ट्रेवल्स की बस क्रमांक AR01Y9595 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस की डिक्की में छिपाकर रखे गए छह सफेद कट्टों से कुल 105 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया।
मौके से पुलिस ने आरोपी बंशीलाल पिता बुधाराम विश्नोई, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम झरिया, थाना मतोड़ा, जिला फलोदी, हाल मुकाम कुड़ी, थाना पंचपद्रा, जिला बालोतरा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त बस को भी जब्त किया है।
जप्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 15,75,000 एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 10,000, बी.आर. ट्रेवल्स की बस अनुमानित कीमत 50,00,000 रुपये आंकी जा रही हैं। जो कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत 65,85,000 बताई गई है।
इस मामले में थाना नीमच सिटी में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया सहित थाना नीमच सिटी की पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।