ज्ञानोदय हॉस्पिटल पर वसूली के आरोप, एमडी बोले – “एक रुपया भी लिया हो तो परिजन समय बताएं, CCTV से सच सामने आ जाएगा”
08 Mar 2026
मुख्य खबर
नीमच। शहर के ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पर रविवार को गंभीर आरोपों की गूंज सुनाई दी। सांड की मार से इंद्रा नगर निवासी सुधीर दमामी की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में धरना-प्रदर्शन कर हॉस्पिटल प्रबंधन पर आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद मोटी रकम वसूलने और शव देने में भी पैसे ऐंठने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
आक्रोशित परिजनों का कहना था कि इलाज के नाम पर उनसे बड़ी राशि ली गई और मौत के बाद भी पूरी रकम जमा कराने के बाद ही शव सौंपा गया। मामले ने तूल पकड़ा तो मौके पर कैंट थाना प्रभारी और तहसीलदार पहुंचे और समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
वहीं इन आरोपों पर ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल प्रबंधन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिनव उर्फ राजा चौरसिया ने दबंग मालवा को अपना पक्ष देते हुए, सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और तथ्यहीन बताया हैं।
उन्होंने कहा कि मरीज को अस्पताल में भर्ती करते समय न तो कोई पैसा लिया गया और न ही आयुष्मान कार्ड उस समय मौजूद था। पहले मरीज का इलाज शुरू किया गया, जबकि आयुष्मान कार्ड दूसरे दिन लाया गया।
एमडी चौरसिया ने कहा कि अगर हमने मरीज के परिजनों से एक रुपया भी लिया हो तो वे समय बताएं। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करवा लीजिए, सच्चाई खुद सामने आ जाएगी। बिना तथ्य के आरोप लगाकर अस्पताल की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल हमेशा मरीजों के हित में काम करता है और किसी भी तरह की बदमाशी या झूठे आरोपों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।