मनासा। नीमच जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की मारुति एस्प्रेसो कार (RJ-27 CL-8706) से 41 किलो 200 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया है। मामले में कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक एस्प्रेसो कार में अवैध डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डिकेन रोड स्थित भेरू बावजी, अखेपुर-बावड़ा फंटा पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 41.200 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से पप्पूलाल पिता छगनलाल गेहलोत (नाई), निवासी बोरखेड़ी पाणेरी, थाना नीमच सिटी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बरामद डोडाचूरा और कार को जब्त कर लिया गया है।

पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप किसके लिए लेकर जा रहा था और इस तस्करी गिरोह में उसके अन्य साथी कौन हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, सउनि दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र मालवीय, आरक्षक विजयपाल सिंह, अंकित राठौर, दशरथ जाटव, अंकित जोशी एवं कुशलपाल जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।