नीमच। प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस चौकी सरवानिया महाराज एवं थाना जावद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 745 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम, एक बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अफीम उपलब्ध कराने वाले एक अन्य व्यक्ति को सह आरोपी बनाया गया है।

नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को 16 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल से अवैध अफीम लेकर तस्करी के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम आंकली स्थित मेलानखेड़ा तिराहे पर पंचमुखी बालाजी मंदिर के सामने नाकाबंदी की, नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें आरोपी शुभम पिता मदनलाल कीर (22 वर्ष), निवासी जाट मोहल्ला मोरवन जिला नीमच, हाल मुकाम सांवलियाजी, राजस्थान के कब्जे से 2 किलो 745 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल एवं एक ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान अवैध अफीम उपलब्ध कराने वाले प्रकाश पिता कैशुराम गौड़, निवासी लक्ष्मीपुरा मोरवन, थाना जावद, जिला नीमच का नाम सामने आने पर उसे भी मामले में सह आरोपी बनाया गया है। वही जप्त मश्रुका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 40 हजार रुपये आंकी जा रही हैं।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी गोपाल तनान की टीम एवं थाना जावद की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।