पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का नीमच― मनासा विधायक ने किया शुभारंभ, युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे के खिलाफ दिया संदेश

नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के अंतर्गत रविवार को नीमच में पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार और मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा, "जो लोग नशा करते हैं, उनके घर-परिवार बर्बाद हो जाते हैं, जबकि जो लोग नशे का कारोबार करते हैं, उनकी बिल्डिंगें खड़ी हो जाती हैं। इसलिए युवाओं को नशे के जाल में नहीं फंसना चाहिए और समाज को भी नशे के कारोबार के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा। उनके इस वक्तव्य ने उपस्थित लोगों के बीच गहरा संदेश छोड़ा।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाना है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिलेभर में प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आयोजित पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर सकारात्मक ऊर्जा की ओर प्रेरित करना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना है।