सांवरिया सेठ दरबार तक पैदल यात्रा 4 फरवरी को, पंजीयन आवश्यक नहीं
01 Feb 2026
Neemuch News
नीमच। विगत वर्ष अनुसार इस वर्ष भी श्री सांवरिया सेठ मंडफिया तक की पैदल यात्रा आगामी 4 फरवरी 2026 बुधवार को सुबह 8:30 बजे प्रारंभ होगी । नीमच से लगभग 90 किलोमीटर दूर पैदल चलकर मंडफिया धाम पर आस्था का सैलाब पहुंचेगा। विगत वर्ष अनुसार इस वर्ष भी सांवरिया भक्त मंडल द्वारा जोर शोर से पैदल यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी है। इस वर्ष सांवरिया सेठ की पैदल यात्रा इतिहास रचने जा रही है।
सांवरिया भक्त मंडल के अरुल अरोरा गंगानगर ने बताया कि इस पैदल यात्रा को दिव्य और भव्य रूप देने के प्रयास किए गए है। चिकित्सा सुविधाओं के लिए मेडिकल टीम साथ चलेगी। पूरी यात्रा के दौरान भजन कीर्तन गायन सहित अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर बेहतरीन भजन गायकों को बुलाया गया है । जगह—जगह विभिन्न संगठन और समाजसेवियों द्वारा यात्रा का स्वागत अभिनंदन किया जाएगा ।
3 फरवरी को होगी भव्य भजन संध्या
यात्रा से एक दिन पूर्व 3 फरवरी मंगलवार को भव्य भजन संध्या का आयोजन रखा गया है जिसमें प्रख्यात भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी प्रस्तुति देंगे । यह भजन संध्या नीमच में लायंस पार्क चौराहा के यहां शाम 7:30 से आयोजित की जाएगी ।
निम्बाहेडा में होगी रात्रि विश्राम—
4 फरवरी 2026 को पदयात्रा नीमच से शुरू होगी, राजस्थान के निम्बाहेडा कृषि उपज मंडी परिसर में पैदल यात्रा का पडाव होगा, निम्बाहेडा में रात्रि विश्राम के दौरान आकर्षक भजन संध्या का आयोजन होगा। अगले दिन 5 फरवरी 2026 को अलसुबह पैदल यात्रा शुरू होगी, जो दोपहर तक मंडफिया धाम पहुंचेगी। मंडफिया में भक्तों के भोजन के लिए विशाल भंडारा रखा गया है।