नीमच। लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक राकेश कुमार राठौर एवं छात्रावास अधीक्षक हरीश चौहान को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कर्दुला इक्का, छात्रावास अधीक्षक कुकड़ेश्वर ने लोकायुक्त से शिकायत की थी, शिकायतकर्ता महिला को निलंबित करने के बाद बहाल करने पर जांच को सही बताने और मामले में राहत देने के एवज में आरोपियों द्वारा 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। आरोप है कि दोनों अधिकारी पहले ही 25 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुके थे।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को 1 लाख रुपये की शेष रिश्वत राशि लेते समय दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई कलेक्टर कार्यालय, नीमच में की गई। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम में डीएसपी दिनेश पटेल, टीआई हिना डाबर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लोकायुक्त द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।